बेटे ने पिता की 6 गोलियां मारकर हत्या की:150 करोड़ की प्रॉपर्टी चाहता था, मां लाश देख चीखी, कहा- तूने घर उजाड़ दिया
गाजियाबाद में 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात 12 बजे बेटे ने
गाजियाबाद में 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात 12 बजे बेटे ने पिस्टल से पिता के चेहरे, सीने और पेट में 6 गोलियां मारीं। बेटा शराब पीकर घर आया था। पिता ने उसे डांट दिया। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। पति का शव देखकर मां चीख पड़ी। बेटे से कहा- तूने पूरा घर उजाड़ दिया। वहीं, गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बेटा भाग चुका था। आरोपी बेटा निखिल (32) प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए पिता हरिओम चौधरी (52) पर दबाव बना रहा था। हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब पी जाएगा। रात को भी जब पिता ने डांटा, तो झगड़ा बढ़ा और निखिल ने पिता की हत्या कर दी। आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं।
घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र की है। करीब 8 साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू को भी गोली मारी थी, लेकिन उसकी जान बच गई थी। 25 बीघा जमीन बेटे के नाम थी, पूरी प्रॉपर्टी लेना चाहता था हरिओम बुदाना गांव के रहने वाले थे। वह संपन्न किसान थे। मोदीनगर में उनके नाम पर 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है। उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपए बताई जा रही है। परिवार में पत्नी मीनाक्षी, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं। दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बड़ा बेटा निखिल 12 वीं तक पढ़ा है। शराब पीने का आदी है। इसी वजह से पिता से उसका अक्सर झगड़ा होता रहता था। उन्होंने निखिल को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन दे रखी थी। लेकिन, वह पूरी प्रॉपर्टी अपने नाम कराना चाहता था।
पिता से पहले हाथापाई की, फिर गोली मारी एसीपी ने बताया- बुधवार रात हरिओम चौधरी ने पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया। उस समय बड़ा बेटा निखिल घर पर नहीं था। वह देर रात शराब पीकर घर पहुंचा। पिता ने शराब पीकर आने पर उसे डांट दिया। इस पर निखिल ने पिस्टल निकाल ली और पिता से गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। शोर सुनकर हरिओम की पत्नी मीनाक्षी और छोटा बेटा नीशू भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान हाथापाई हुई और निखिल ने पिता पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम फर्श पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी बोले- शाही जिंदगी जीता था निखिल पड़ोसियों ने बताया कि निखिल की लाइफस्टाइल शाही रही है। वह बुलेट से चलता था। अक्सर अपने दोस्तों के साथ बाहर घूमने जाता था।
यह बात मां मीनाक्षी और पिता हरिओम को पसंद नहीं थी। उन्हें लगता था कि घर की खेती की जितनी कमाई है, वह सब बेटा पार्टी में उड़ा रहा है। लेकिन, निखिल इतना गर्म-मिजाज था कि मां और छोटा भाई निशू भी उसको पलटकर जवाब नहीं देते थे। साल- 2018 में मां के डांटने पर जब निखिल का निशू से झगड़ा हुआ था, तो उसने भाई पर गोली चला दी थी। इस मामले में परिवार ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया था। पुलिस में शिकायत नहीं की थी। एसीपी बोले- जल्द पकड़ा जाएगा आरोपी एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया- परिजनों ने जमीन विवाद की बात बताई है। हरिओम की पत्नी मीनाक्षी ने मोदीनगर में बेटे के खिलाफ हत्या की शिकायत दी है। पुलिस केस दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।