Manipur: 'मणिपुर में शांति लौटे, देश-दुनिया के लोग यहां आएं', सीएम खेमचंद के साथ मुलाकात में बोले रणदीप हुड्डा
मुख्यमंत्री खेमचंद ने मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों कलाकारों के साथ राज्य की कला, संस्कृति, पर्यटन और फिल्म उद्योग को नई
मुख्यमंत्री खेमचंद ने मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों कलाकारों के साथ राज्य की कला, संस्कृति, पर्यटन और फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने के मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि मणिपुर में रचनात्मक उद्योगों और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।बैठक के बाद अभिनेता रणदीप हुड्डा ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति की वापसी की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि मणिपुर में स्थायी शांति स्थापित हो और देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लोग यहां आएं, राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोगों के आतिथ्य का अनुभव करें।रणदीप हुड्डा ने कहा कि मणिपुर केवल पूर्वोत्तर का एक राज्य नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं का अद्भुत संगम है। उन्होंने विश्वास जताया कि शांति और स्थिरता के साथ राज्य पर्यटन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
मणिपुर की जानी-मानी अभिनेत्री लिन लैशराम भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहीं। उन्होंने लंबे समय से मणिपुर की संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। माना जा रहा है कि उनकी मौजूदगी ने राज्य के फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को चर्चा के केंद्र में लाने में मदद की।मुख्यमंत्री खेमचंद ने रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम के सद्भावना दौरे की सराहना करते हुए दोनों कलाकारों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि फिल्म और मनोरंजन जगत मणिपुर की सकारात्मक छवि को देश और दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।राजनीतिक और सांस्कृतिक हलकों में इस मुलाकात को मणिपुर के लिए एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से चुनौतियों का सामना कर रहे राज्य के लिए यह संदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि मणिपुर केवल संघर्ष की नहीं, बल्कि संस्कृति, पर्यटन और अपार संभावनाओं की भूमि भी है।
