NIA: चार मंजिला इमारत की छत पर बना रहे थे बम, गलती से हुआ धमाका, तीन जगहों पर छापेमारी कर एनआईए ने जुटाए सबूत
ओडिशा के भुवनेश्वर और उसके आस-पास के इलाकों में एक जॉइंट ऑपरेशन के तहत, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीमों ने मंगलवार को तीन जगहों
ओडिशा के भुवनेश्वर और उसके आस-पास के इलाकों में एक जॉइंट ऑपरेशन के तहत, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की टीमों ने मंगलवार को तीन जगहों पर छापेमारी की है। यह मामला जनवरी 2026 के सुंदरपाड़ा बम धमाके से जुड़ा है। चार मंजिला इमारत की छत पर बम बनाते समय गलती से विस्फोट हो गया था। एनआईए के मुताबिक, जिन जगहों पर तलाशी ली गई, उनकी पहचान इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए एक आरोपी से मिले सबूतों के डिटेल एनालिसिस और अब तक की जांच से मिली दूसरी जानकारियों के आधार पर की गई थी।
यह मामला उस धमाके से जुड़ा है जो 27 जनवरी को भुवनेश्वर के सुंदरपाड़ा में आज़ाद नगर कॉलोनी की एक चार मंज़िला इमारत की छत पर हुआ था। वहां चार लोग बम बना रहे थे, तभी गलती से उसमें धमाका हो गया। धमाके में बम बनाने वाले चारों लोग बुरी तरह घायल हो गए थे।एनआईए की इस छापेमारी का मकसद बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री और दूसरे सामान के स्त्रोत का पता करना है।
साथ ही जांच एजेंसी द्वारा यह भी पता लगाना था कि बम का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। वह सामान कहां से खरीदा गया था और उसके लिए इस्तेमाल किए गए फंड का सोर्स क्या था, इसकी भी जांच की जा रही है।केस नंबर RC-01/2026/NIA/BBSR के तहत हुई छापेमारी में कई डिजिटल डिवाइस और दूसरे संदिग्ध सामान जब्त किए गए हैं। इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
यह मामला शुरू में भुवनेश्वर (ओडिशा) के एयरफील्ड पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। अप्रैल 2026 में एनआईए ने इसे अपने हाथ में ले लिया। एंटी-टेरर एजेंसी इस अपराध में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए अपनी जांच जारी रखे हुए है।
