'घर दूर, सड़क पर गुजरता दिन': ट्रैफिक से तंग मुंबई के डिप्टी मेयर संजय घाडी, बोले- दफ्तर के पास चाहिए बंगला
संजय घाडी अभी मुंबई के दहिसर (पूर्व) में रहते हैं। यह इलाका बीएमसी मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर है। उन्होंने 24 जून को लिखे
संजय घाडी अभी मुंबई के दहिसर (पूर्व) में रहते हैं। यह इलाका बीएमसी मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर है। उन्होंने 24 जून को लिखे पत्र में कहा कि रोजाना आने-जाने में घंटों लग जाते हैं। इससे शारीरिक थकान के साथ मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है। कई बार वह सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों में समय पर नहीं पहुंच पाते।डिप्टी मेयर ने भायखला स्थित वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान (चिड़ियाघर) परिसर में खाली पड़े सरकारी बंगले की मांग की है।
यह बंगला बीएमसी मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर है। पहले इसमें एक अतिरिक्त नगर आयुक्त रहते थे। उनका कहना है कि यदि यह आवास मिल जाता है तो प्रशासनिक बैठकों, अधिकारियों से समन्वय और जनता से मुलाकात में आसानी होगी।संजय घाडी ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि मुंबई में मानसून शुरू हो चुका है।
बारिश के दौरान ट्रैफिक और ज्यादा बढ़ जाता है, जिससे सफर और मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि अगर मुख्यालय के पास आवास मिल जाए तो वह समय पर कार्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।संजय घाडी शिवसेना के कॉर्पोरेटर हैं और दहिसर के वार्ड नंबर 5 का प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने इसी साल फरवरी में मुंबई के डिप्टी मेयर का पद संभाला था। अब उन्होंने बीएमसी मुख्यालय के नजदीक सरकारी आवास देने का अनुरोध किया है।
