पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:लेडी सिंगर ने गाना रोक सगाई का ऐलान किया, मर्सिडीज ने 2 युवकों को उड़ाया; नाबालिग गर्लफ्रेंड किडनैप की, पिज्जा में कीड़ा
नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़ी रही। उनके पंजाब दौरे से पहले ट्रेन के डिब्बों पर 'खालिस्तान जिंदाबाद'
नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़ी रही। उनके पंजाब दौरे से पहले ट्रेन के डिब्बों पर 'खालिस्तान जिंदाबाद' और 'मोदी मुर्दाबाद' जैसे नारे लिखे गए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. मर्सिडीज ने 2 युवकों को उड़ाया, हाथ-पैर टूटे चंडीगढ़ में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज ने दो युवकों को टक्कर मार दी। दोनों क्लब से बाहर निकले ही थे कि कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वे कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार में जाते हुए दिख रही है। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद ड्राइवर कार समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें संभाला और तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 पहुंचाया। अस्पताल में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे की हालत स्थिर बताई जा रही है। कार चला रहा लड़का नाबालिग बताया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. जैस्मीन ने परफॉर्मेंस रोक सगाई का ऐलान किया पंजाबी सिंगर जैस्मीन सैंडलस के 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' के पहले कॉन्सर्ट के दौरान एक ऐसा पल सामने आया, जिसने हजारों फैंस को हैरान कर दिया। लाइव परफॉर्मेंस के बीच जैस्मिन ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक करते हुए स्टेज पर एक शख्स को बुलाया और बताया कि वही उनके मंगेतर हैं। कॉन्सर्ट अपने पूरे रंग में था और फैंस जैस्मिन के गानों पर झूम रहे थे। इसी दौरान अचानक म्यूजिक धीमा हो गया। जैस्मिन ने एक शख्स का हाथ पकड़कर उन्हें स्टेज पर बुलाया और कहा- आई हैव अ लिटिल सीक्रेट... आई हैव अ लिटिल, मैसिव सीक्रेट। यानी मेरे पास एक छोटा सा राज है... मेरे पास एक बहुत बड़ा राज है। इसके बाद उन्होंने फैंस से उत्साह के साथ कहा- कैन यू से शेखर? कैन यू से शेखर? कैन यू से चौधरी साहब?" इस दौरान पूरा स्टेडियम तालियों और हूटिंग से गूंज उठा। इसके बाद जैस्मिन ने अपने रिश्ते का खुलासा करते हुए कहा- मैं बुला लिया स्टेज पे... दिस इज अ मैन हू पुट अ रिंग ऑन इट। दिस इज माय मैन, एवरीबडी। यानी ये वही शख्स हैं जिन्होंने मुझे अंगूठी पहनाई है। आप सभी जान लीजिए, यही मेरे जीवनसाथी हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. PM के पंजाब दौरे से पहले ट्रेन में खालिस्तानी नारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है।
यह वीडियो प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी किया है। वीडियो में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बों पर 'खालिस्तान जिंदाबाद' और 'मोदी मुर्दाबाद' जैसे नारे लिखे दिखाई दे रहे हैं। SFJ के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर पंजाब में आतंकवाद के दौर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की विरासत का जिक्र करते हुए कथित एनकाउंटर मामलों को उठाया। हालांकि, दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जसवंत सिंह खालड़ा पर ही दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज बनी थी, जिसे रिलीज होने के दूसरे दिन ही OTT से हटा दिया गया था और अब पूरी तरह से बैन कर दिया गया है। इधर, वीडियो सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने रात के अंधेरे में ट्रेन के डिब्बों पर ये नारे लिखे। पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी किया है। पीएम का 15 और 17 जुलाई को लुधियाना और जालंधर दौरा प्रस्तावित हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 4. बॉयफ्रेंड ने किया नाबालिग गर्लफ्रेंड को किडनैप लुधियाना में बॉयफ्रेंड ने नाबालिग गर्लफ्रेंड को किडनैप कर लिया है। उसने गर्लफ्रेंड को अपनी कैद में रखा है। नाबालिग बार-बार अपनी बहन को वॉट्सएप के जरिए वीडियो और ऑडियोमैसेज भेज रही है। लड़की ने अपनी बहन को जो वीडियो भेजा है, उसमें वह जोर-जोर से रो रही है, हालांकि उसमें वह कुछ बोल नहीं रही है। इसके अलावा नाबालिग ने वॉट्सएप पर वॉइस मैसेज भेजे हैं, जिसमें वह कह रही है कि “जीजा जी आपने मुझे अपनी बेटी माना है, एक बार मुझसे बात कर लो।” बॉयफ्रेंड इतना शातिर है कि वह जब भी मैसेज करवा रहा है, सिर्फ वॉट्सऐप पर वॉइस मैसेज कर रहा है ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड पर केस दर्ज कर लिया है। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर) 5. चन्नी ने की इस्तीफे की पेशकश, हाईकमान नाराज पंजाब कांग्रेस में टूट का खतरा थमा नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कैंपेन कमेटी के चेयरमैन बनाए चरणजीत चन्नी ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश कर दी है। चन्नी ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री के तौर पर ही पार्टी का प्रचार कर लेंगे। इस बारे में चन्नी ने कल, शनिवार को चंडीगढ़ में MLA राणा गुरजीत के घर हुई मीटिंग के दौरान इस्तीफा देने की बात कही। वहीं कांग्रेस हाईकमान से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से हाईकमान नाराज है। उन्हें पंजाब में कांग्रेस की गुटबाजी खत्म करने के लिए भेजा गया था। इसके लिए पूरे 5 दिन का टाइम दिया गया था लेकिन गुटबाजी कम करने के बजाय वह इसे और हवा दे गए। चन्नी गुट में प्रताप बाजवा, सुखजिंदर रंधावा और प्रगट सिंह जैसे बड़े चेहरे होने के बावजूद बघेल ने उन्हें सीरियसली नहीं लिया।