मानसून का कहर: उत्तराखंड-हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही, सैकड़ों सड़कें बंद; IMD ने जारी किया अपडेट
इधर मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के 7 राज्यों में अगले 5 दिन बहुत कम बारिश
इधर मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के 7 राज्यों में अगले 5 दिन बहुत कम बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी की नई सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक बादल पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे उत्तराखंड, यूपी, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की तरफ चले गए हैं। देश के जिन हिस्सों में मानसून थोड़ा बहुत सक्रिय है, वहां सड़कों पर पानी भरने, नदियों में बाढ़ आने जैसी घटनाएं हो रही हैं।हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में हवा में लटका वैली ब्रिज शनिवार रात ढह गया। इससे सांगला घाटी का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। बीते शुक्रवार को भारी बारिश के बाद ब्रिज के निचले हिस्से से लैंडस्लाइड हो गया था। इससे ब्रिज हवा में लटका था।
शिमला के रझाना में भी बीती रात में पहाड़ी से लैंडस्लाइड से दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। प्रदेश के पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के कुछ क्षेत्रों में रविवार को भी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है।उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सिरोबगड़ में भूस्खलन के कारण लगभग दो घंटे तक बंद रहने के बाद, शनिवार को बद्रीनाथ हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया। भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबा गिरने से सुबह करीब 3:30 बजे हाईवे जाम हो गया था, जिससे इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। दूसरी ओर बारिश के कारण गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।सप्ताहांत पर शनिवार को धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में सुहावने मौसम के बीच यात्रा जारी रही।
खराब मौसम के कारण कटड़ा से संचालित हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर प्रभावित रही। इससे हेलिकॉप्टर सेवा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को पैदल, घोड़े, पालकी अथवा पिट्ठू सेवाओं का सहारा लेकर भवन की ओर प्रस्थान करना पड़ा। मौसम विभाग की संभावनाओं को देखते हुए यात्रा के दौरान बारिश होने की आशंका भी बनी हुई है।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आईएमडी ने रविवार के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, सुबह के समय गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, अगले एक सप्ताह तक व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शनिवार सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 91 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है। शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 65 था, जो भी इसी श्रेणी में था।शनिवार को राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश चूरू जिले के राजगढ़/सादुलपुर में 55 मिमी दर्ज की गई। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान श्री गंगानगर में 42डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान सिरोही में 21 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले चार-पांच दिनों में भी राज्य में बारिश के कम आसार हैं।
