तेलंगाना: दिल दहला देने वाली वारदात, जमानत मिलते ही दुष्कर्म के आरोपी ने कर दी पीड़िता समेत 6 की हत्या
यह सनसनीखेज वारदात रंगारेड्डी जिले के शाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजकुमार (35) पहले शाबाद कस्बे में नाबालिग
यह सनसनीखेज वारदात रंगारेड्डी जिले के शाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजकुमार (35) पहले शाबाद कस्बे में नाबालिग पीड़िता के घर गया और वहां सो रही उसकी 45 वर्षीय मां के साथ नानी (65) की हत्या कर दी। इसके बाद वह नाबालिग पीड़िता को कार से अपने पैतृक गांव धैवलगुडा ले गया और एक झील के पास चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया।पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजकुमार झील से करीब 250 मीटर दूर स्थित अपने घर गया और वहां सो रही अपनी पत्नी पार्वती सरिता (30) और बेटों परीक्षित (4) और दैविकक्षित डेढ़ साल की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि राजकुमार के खिलाफ इस वर्ष मई में नाबालिग लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के आरोप में लैंगिक अपराधों से बच्च्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ था। राजकुमार को हाल में इस मामले में अग्रिम जमानत मिली थी। वह वारदात के बाद फरार हो गया।आरोपी ने वारदातों को अंजाम देने के बाद अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल किया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया।
आरोपी के पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिवार के सदस्यों के अनुसार, उसे जुए की लत थी और उसने कर्ज भी ले रखा था, जिस कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए सात टीम गठित की गई हैं। उसे जल्द पकड़ लेंगे। जांच में पता चला है कि हत्याओं को राजकुमार ने अकेले ही अंजाम दिया।पुलिस को शक है कि दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के चलते आरोपी राजकुमार ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्याओं के सही कारण की जांच की जा रही है।
संदेह है कि आरोपी नाबालिग से गहरी रंजिश रखता था, लेकिन उसने पत्नी व दोनों बच्चों की हत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं। लड़की ने 16 मई को पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी राजकुमार के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। लड़की के मामा नरेश ने बताया, आरोपी ने धमकी दी थी वह एक-दो हफ्ते में पूरे परिवार को मार डालेगा।
