मेघालयः 'संगठन विस्तार पर है पूरा फोकस', भाजपा विधायक हेक ने कहा- 2028 में अकेले चुनाव लड़ेगी पार्टी
हेक ने कहा कि भाजपा अभी से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ बढ़ाने में जुटी हुई है। उनका कहना
हेक ने कहा कि भाजपा अभी से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ बढ़ाने में जुटी हुई है। उनका कहना था कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में पार्टी का जनाधार बढ़ा है और आगामी चुनाव तक भाजपा मेघालय की प्रमुख राजनीतिक ताकतों में शामिल हो जाएगी। उन्होंने कहा, भाजपा 2028 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और हमें पूरा विश्वास है कि अगली सरकार के नेतृत्व की स्थिति में हम होंगे।शिलांग लोकसभा सीट पर प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर भी हेक ने महत्वपूर्ण खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने शुरुआती दौर में उन्हें उम्मीदवार बनाने पर विचार किया था, लेकिन उन्होंने अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। हेक ने कहा, पार्टी ने मुझसे उपचुनाव लड़ने को कहा था, लेकिन मैंने स्पष्ट कर दिया कि अभी मेरे पास कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं, जिन्हें पूरा करना है। इसलिए मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।उन्होंने बताया कि उन्होंने पार्टी के समक्ष भाजपा विधायक सानबोर शुल्लई के नाम का प्रस्ताव रखा है।
हालांकि अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है और जो भी निर्णय होगा, भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। भाजपा नेता ने कहा कि उपचुनाव की तैयारी के लिए पार्टी के पास पर्याप्त समय है और उम्मीदवार घोषित होने के बाद संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव अभियान में जुट जाएगा।वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हेक का यह बयान केवल उपचुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि 2028 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति का संकेत भी है।
वर्तमान में गठबंधन सरकार का हिस्सा होने के बावजूद भाजपा का अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की भूमिका तैयार कर सकता है।
