राम मंदिर मामला: विहिप ने दी क्लीन चिट? आलोक कुमार बोले- चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट से न देरी हुई न चूक
विहिप की राय में पूरे मामले में राम मंदिर तीर्थस्थान क्षेत्र ट्रस्ट से कोई चूक नहीं हुई और ट्रस्ट की भूमिका बिल्कुल सही रही है।
विहिप की राय में पूरे मामले में राम मंदिर तीर्थस्थान क्षेत्र ट्रस्ट से कोई चूक नहीं हुई और ट्रस्ट की भूमिका बिल्कुल सही रही है। ट्रस्ट ने ही पुलिस में एफआईआर कराई और खुद को भी जांच में शामिल किया। ट्रस्ट ने न कोई चूक की न ही देरी की। यह कहना है विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार का। उन्होंने यह बात अमर उजाला डाॅट काम के कार्यक्रम खरी बात में कही।चंपत राय पर उठने वाले सवालों पर आलोक कुमार कहते हैं कि अभी यह तय होना है कि चंपत राय पर उठने वाले सवाल वाजिब हैं या नहीं। जमीन खरीद घोटाले पर उनका कहना था कि इस मामले की भी जांच हो रही है।
एसआईटी की एफआईआर में यह विषय भी जांच में है और जांच के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है। हालांकि इस मामले में मेरे पास भी सवालों के कुछ उत्तर हैं, लेकिन अभी उनको कहने का समय नहीं है।ट्रस्ट के पूर्व लेखाधिकारी महिपाल सिंह द्वारा दो साल पहले चोरी की बात उजागर करने पर उन्हें क्यों हटा दिया गया, इस सवाल पर उनका कहना है कि इसकी भी जांच होनी चाहिए कि महिपाल सिंह जो कह रहे हैं, वह कितना सही है। क्या वह हटाए गए या उन्हें हटना पड़ा। निर्माण कार्यों में 40% कमीशन मांगे जाने के आरोप पर आलोक कुमार ने कहा कि यह आरोप वाजिब नहीं लगता, क्योंकि मंदिर निर्माण में सैकड़ों जगह काम हुआ है।
सैकड़ों लोग इनकी प्रक्रिया से जुड़े और अगर सब जगह 40% कमीशन लिया जाता था तो यह बात तीन-चार साल तक क्यों नहीं सामने आई। अब अचानक क्यों आई है। फिर भी मैं किसी को क्लीन चिट नहीं दे रहा हूं। इसकी भी जांच होनी चाहिए।नृपेन्द्र मिश्र ने कहा कि चोरी नहीं डकैती हुई इसका क्या आधार है, यह पूछने पर आलोक कुमार कहते हैं कि नृपेन्द्र मिश्र ट्रस्ट के प्रशासक भी हैं और उन्होंने जो कहा है कि इसके बारे में उनसे ही पूछना पड़ेगा। वैसे शब्दों के हेरफेर में न जाकर यह मानना चाहिए कि अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का अपराध हुआ है।इस प्रकरण से क्या धर्मस्थलों के प्रति हिंदुओं की आस्था कम हो रही है, इसे गलत बताते हुए विहिप अध्यक्ष ने कहा, लोगों की नारागजगी प्रबंधन से हो सकती है, राम जी या अन्य देवताओं से नहीं।
इससे क्या हिंदुत्व की राजनीति पर असर नहीं पड़ेगा, इस पर उनका कहना है कि हिंदू समाज पूरे मामले को लेकर बेहद आहत है और वह देखेगा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं अगर उनमें से कुछ भी बच गए तो वह क्षमा नहीं करेगा और अगर सबको सजा मिली और जेल में चक्की पीसते दिखाई दिए तो हिंदू समाज न सिर्फ संतुष्ट होगा, बल्कि प्रबंधन को क्षमा भी कर देगा।
