West Bengal: नाबालिग की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, संदिग्ध की पीट-पीटकर हत्या; CM शुभेंदु क्या बोले?
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप ने रविवार को व्यापक हिंसा का
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग की कथित दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप ने रविवार को व्यापक हिंसा का रूप ले लिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क और रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया, कई वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया। इसी दौरान भीड़ ने एक संदिग्ध युवक को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदुअधिकारी ने पीड़िता के पिता से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है।पुलिस के अनुसार, नाबालिग शनिवार शाम घर से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई।
देर रात तक परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके में घर के निकट एक तालाब से उसका शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। परिवार ने इलाके के चार लोगों पर संलिप्तता का आरोप लगाया है।शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और सूर्यपुर रेलवे स्टेशन पर भी प्रदर्शन किया। इसके चलते शियालदह-नामखाना रेलखंड पर करीब एक घंटे तक रेल सेवा प्रभावित रही, जबकि सड़क यातायात भी कई घंटे बाधित रहा।प्रदर्शन के दौरान पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान भीड़ ने एक स्थानीय युवक को कथित रूप सेसंदिग्ध मानते हुए पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जांच के दौरान पुलिस को इलाके के सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले। एक संदिग्ध की पहचान के बाद पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़िता के पिता से फोन पर बात कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने पीड़ित परिवार को मंगलवार को भवानी भवन बुलाया है। प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षककंकर प्रसाद बारुई ने भी कहा कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
