बिहार के बांकीपुर समेत MP और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसके तहत 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को वोटों की गिनती की जाएगी. मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक मामले में दो वर्ष से अधिक की सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाने के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है. चुनाव आयोग आगामी 6 जुलाई को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी और संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को 4 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा.
आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, उपचुनावों के लिए गजट अधिसूचना 6 जुलाई को सोमवार के दिन जारी की जाएगी. इसके बाद नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और नामांकन दाखिल करने की लास्ट डेट 13 जुलाई निर्धारित है. इसके बाद 14 जुलाई तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे, जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति साफ हो जाएगी. तीनों सीटों के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे. मतदान और काउंटिंग के बाद पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक संपन्न करा ली जाएगी.
आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, बिहार की 182-बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी. वहीं, मध्य प्रदेश की 22-दतिया सीट से विधायक राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित किए जाने (डिस्क्वालिफिकेशन) के चलते यहां दोबारा चुनाव हो रहे हैं. इसके अलावा गुजरात की 145-मांजलपुर सीट पर विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के दुखद निधन के बाद ये सीट खाली हुई है. इस बार दतिया विधानसभा सीट पर होने वाला ये मुकाबला बेहद दिलचस्प और हाई-प्रोफाइल होने की उम्मीद है.
बीजेपी की ओर से मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को इस उपचुनाव के लिए सबसे मजबूत और संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है. गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा पिछले मुख्य विधानसभा चुनाव में इसी सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती से चुनाव हार गए थे.
