पुणे हत्याकांड: केतन को एक बार में खत्म कर देना चाहती थी सिया, दो बार किया था रिहर्सल; इंटरनेट से सीखा पैंतरा
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिया गोयल और चेतन ने केतन को लोहगढ़ किले से नीचे धकेलने से पहले पुणे के
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिया गोयल और चेतन ने केतन को लोहगढ़ किले से नीचे धकेलने से पहले पुणे के लुल्लानगर स्थित सेक्टर-37 में दो बार धक्का देकर मारने का पूर्वाभ्यास किया था। पुलिस का मानना है कि केतन की हत्या कई सप्ताह की सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। दोनों ने पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान पहाड़ी पर इस काम की प्रैक्टिस करने की बात कबूल की।अधिकारी ने कहा, हम उस सही जगह की पहचान करेंगे जहां रिहर्सल हुई थी और वहां का पंचनामा करेंगे। दोनों आरोपियों ने यह भी बताया कि अपराध को अंजाम देने से पहले उन्होंने इसकी रिहर्सल कैसे की थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि केतन की हत्या के लिए इंटरनेट और अन्य विकल्पों की भी जानकारी जुटाई गई थी।पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि केतन को कथित तौर पर धक्का देने के बाद उसका मोबाइल फोन सिया के पास था।उन्होंने बताया, बाद में सिया ने यह फोन केतन के परिवार को सौंप दिया।
हम यह जांच कर रहे हैं कि जब फोन सिया के पास था तो उसमें से कहीं कोई महत्वपूर्ण सबूत मिटाया गया या उससे छेड़छाड़ तो नहीं की गई।पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को अपनी हत्या से पहले मंगेतर सिया गोयल पर गहरा शक हो गया था। केतन ने अपने परिवार से चिंता जताई थी कि सिया का किसी और के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। उसने पिता से पूछा था कि क्या शादी तय करने से पहले लड़की के बैकग्राउंड की ठीक से जांच-पड़ताल की गई है?पुलिस शिकायत के अनुसार केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि सिया अक्सर बातचीत के दौरान अपने प्रेमी चेतन चौधरी का नाम लेती थी। जब भी केतन उसे फोन करता, उसका नंबर व्यस्त आता था। इससे पहले सिया ने बाली (इंडोनेशिया) में होने वाली प्री-वेडिंग ट्रिप को भी छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा कर रद्द कराया था।
6 जून को ट्रिप कैंसिल होने के बाद जब केतन ने पिता से शिकायत की तो पिता ने सिया को कम उम्र का बताकर बात संभाल ली थी। दोनों की शादी नवंबर में होनी थी। मगर, 18 जून को केतन की हत्या कर दी गई।इस हत्याकांड केस में अब नया कानूनी विवाद भी खड़ा हो गया है। आरोपी सिया गोयल का केस लड़ने को लेकर दो वकीलों, आशुतोष श्रीवास्तव और विपुल दुशिंग के बीच खींचतान शुरू हो गई है। 29 जून को वडगांव मावल कोर्ट में सुनवाई के दौरान सिया और उसके भाई साहिल गोयल ने कहा था कि उनके वकील विपुल दुशिंग हैं। आशुतोष श्रीवास्तव उन पर दबाव बना रहे हैं। इस बयान से नाराज होकर वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया के भाई साहिल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेज दिया है। नोटिस में मांग की गई है कि साहिल अपना बयान तुरंत वापस लें और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के तहत लोनावाला ग्रामीण पुलिस ने लोहागढ़ किले को बंद कर दिया है।
मंगलवार को किले में मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाल दिया गया, क्योंकि पुलिस मामले से जुड़ी जांच की प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इससे पहले भी इस जगह को कुछ समय के लिए बंद किया गया था, जब पुलिस ने जांच प्रक्रिया के तहत आरोपी सिया गोयल के साथ क्राइम सीन को फिर से बनाया था। ताजा प्रतिबंध तब लगाया गया है, जब पुलिस आरोपी चेतन चौधरी का फोरेंसिक गेट एनालिसिस (चलने के तरीके का विश्लेषण) करने की तैयारी कर रही है।
