'नहीं कतर सकता कोई मेरे पर': उद्धव ने किया 'ऑपरेशन देवेंद्र' का दावा, फडणवीस ने कुछ ऐसे दिया ठाकरे को जवाब
फडणवीस ने यह भी कहा कि शुक्रवार को मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही उड़ान में उनके और पूर्व सहयोगी से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बने
फडणवीस ने यह भी कहा कि शुक्रवार को मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही उड़ान में उनके और पूर्व सहयोगी से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बने उद्धव ठाकरे का सफर करना महज एक संयोग था। इसको लेकर उठी राजनीतिक अटकलों को उन्होंने खारिज करते हुए "वेड्यांचा बाजार" (पागलों का बाजार) करार दिया।पालघर जिले में वधावन बंदरगाह और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि एक ही विमान से दो नेताओं का यात्रा करना कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने ठाकरे के "ऑपरेशन देवेंद्र" वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मैं इंसान हूं। मेरे पंख ही नहीं हैं, तो कोई उन्हें कैसे कतर सकता है?
मुझे महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता और मेरे वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।"शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा था कि "ऑपरेशन टाइगर" दरअसल "ऑपरेशन देवेंद्र" है, जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को इतना कमजोर करना है कि वह भविष्य में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें।इस पर फडणवीस ने कहा, "मेरे लिए राजनीतिक मुद्दे गौण हैं। मेरा पूरा ध्यान विकास कार्यों पर है।"गौरतलब है कि "ऑपरेशन टाइगर" शिवसेना (यूबीटी) में विभाजन कराने की कथित रणनीति का कोडनेम है। इसके तहत पिछले सप्ताह पार्टी के नौ में से छह लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए थे।फडणवीस ने कहा कि उन्हें इस बात पर हैरानी हुई कि उनके और उद्धव ठाकरे के एक ही विमान में यात्रा करने को लेकर इतनी राजनीतिक चर्चा हुई।
उन्होंने कहा, "यह महज संयोग था। एक ही उड़ान में दो नेताओं का सफर करना कोई बड़ी बात नहीं है। कभी-कभी मुझे लगता है कि हम राजनीति में हैं या 'वेड्यांचा बाजार' (पागलों के बाजार) में।"उन्होंने कहा कि विमान में दोनों के बीच कोई विशेष बातचीत नहीं हुई। फडणवीस ने कहा, "वह (उद्धव) एक कोने में बैठे थे और मैं दूसरे कोने में। अगर हम साथ बैठे होते तो बातचीत भी हो सकती थी। इसमें गलत क्या है?" उद्धव ठाकरे के इस दावे पर कि उड़ान के दौरान फडणवीस "बेबस" दिखाई दे रहे थे, मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान वह अपने मोबाइल में डाउनलोड की गई फिल्म या वेब सीरीज देख रहे थे।उन्होंने कहा, "विमान के उड़ान भरने से लेकर उतरने तक मैं वही देख रहा था।
फिर आखिर उन्होंने मेरे चेहरे पर बेबसी कहां देख ली?" भाजपा के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने ठाकरे पर तंज कसते हुए कहा, "मैं उनकी शुभकामनाएं स्वीकार करता हूं। अगर उन्होंने 2019 में ये शुभकामनाएं दी होतीं, तो तस्वीर कुछ और होती। चूंकि वह तब ऐसा नहीं कर सके, इसलिए अब उनकी शुभकामनाएं स्वीकार करता हूं।"
