क्या TET पर घिरेगी सरकार?: परीक्षा रद्द होने पर बोली कांग्रेस- ये 'भविष्य की चोरी'; राहुल युवाओं से क्या बोले?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित पेपर लीक और स्थगन को युवाओं के भविष्य की चोरी बताया है। उन्होंने
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित पेपर लीक और स्थगन को युवाओं के भविष्य की चोरी बताया है। उन्होंने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि देश की शिक्षा और परीक्षा प्रणाली जबरन वसूली का तंत्र बन गई है। इससे देश का हर युवा असुरक्षित महसूस कर रहा है। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की चोरी है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर चिंता जताई।
उन्होंने युवाओं से अपनी आवाज बुलंद करने का आग्रह किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक युवा आंदोलन नहीं करेंगे, भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री की कोई जवाबदेही नहीं होगी।उन्होंने नीट, सीबीएसई, एसएससी, सीयूईटी और अब टीईटी जैसे पेपर लीक की श्रृंखला का उल्लेख किया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सरकार लगभग 90 परीक्षा पेपर लीक की 'शर्मनाक सेंचुरी' पूरी करने पर तुली है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि तथाकथित डबल इंजन सरकार केवल घोटालों के ईंधन पर चलती है।महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली टीईटी-2026 परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
यह फैसला ठाणे जिले के भिवंडी शहर में हुई एक छापेमारी के बाद लिया गया। छापेमारी में कुछ व्यक्तियों के पास वास्तविक पेपर से मिलते-जुलते कई प्रश्न पाए गए थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भिवंडी पुलिस ने इस संबंध में तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) ने एक बयान में पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है। परिषद ने कहा कि स्थिति की गंभीरता और गहन जांच की आवश्यकता को देखते हुए परीक्षा स्थगित की गई है।
ठाणे जिला प्रशासन के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस को अनधिकृत जानकारी रखने वाले व्यक्तियों के बारे में खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और यह उल्लंघन सामने आया।
