विग के कारण से हुई केतन की हत्या?: मृतक के पिता बोले- परिवार को पहले ही बता चुके थे; चेतन पर भी हुआ नया खुलासा
क्या केतन के बालों और विग से सिया को थी परेशानी? क्या प्रेमी चेतन ने सिया को हत्या के लिए उकसाया? पुणे पुलिस की जांच
क्या केतन के बालों और विग से सिया को थी परेशानी? क्या प्रेमी चेतन ने सिया को हत्या के लिए उकसाया? पुणे पुलिस की जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल विग का इस्तेमाल करते थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नहीं कहा जा सकता कि यही सिया केतन को पसंद न करने की एकमात्र वजह थी। दूसरी तरफ, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने साफ कहा है कि उन्होंने सिया और उसके परिवार को पहले ही इस बारे में जानकारी दे दी थी। उनका सवाल है कि अगर केतन विग लगाते भी थे, तो क्या यह किसी की हत्या करने का कारण हो सकता है? विशाल अग्रवाल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग भी की है।पुलिस जांच के अनुसार, 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे।
पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई है कि चेतन ने ही सिया को मंगेतर केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर पूरी साजिश रची। 18 जून को लोहागढ़ किले पर पहुंचने के बाद सिया ने पहले से तय इशारा किया, जिसके बाद चेतन ने कथित तौर पर 25 वर्षीय केतन को खाई में धक्का दे दिया। जांच अधिकारियों का कहना है कि केतन को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि आरोपी को दो दिन पहले गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था। उन्होंने कहा कि मामले में सबूत जुटाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस इस केस से जुड़े सभी लोगों को बुलाकर पूछताछ कर रही है। तायडे ने कहा कि पीड़ित परिवार जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और पुलिस के सवालों के स्पष्ट व सकारात्मक जवाब दे रहा है।
क्या लोहागढ़ जाने के लिए सिया तैयार नहीं थी? क्या आलीशान शादी की तैयारियों के बीच टूटा रिश्ता? मामले में एक नया मोड़ तब आया जब सिया की मां ने दावा किया कि उनकी बेटी 18 जून को लोहागढ़ किले पर जाने के लिए तैयार नहीं थी। उनके मुताबिक, 17 जून की शाम सिया और केतन के बीच वीडियो कॉल हुई थी, जिसमें केतन ने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा था। सिया की मां का कहना है कि उस दौरान केतन की मां ने भी सिया से बात की और ट्रेक पर चलने के लिए कहा। उन्होंने दावा किया कि सिया अगले दिन एक पारिवारिक कार्यक्रम की वजह से आराम करना चाहती थी और ट्रेक पर नहीं जाना चाहती थी। हालांकि, पुलिस अभी इन दावों की भी जांच कर रही है।केतन और सिया की शादी नवंबर में राजस्थान के उदयपुर में होने वाली थी।
दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। सिया के पिता ने उन खबरों को खारिज किया है, जिनमें चार्टर्ड विमान और बेहद महंगे शाही इंतजामों का दावा किया गया था। उन्होंने बताया कि उदयपुर के एक होटल में 70 कमरे बुक किए गए थे, जहां प्रति दंपती प्रतिदिन करीब 81 हजार रुपये खर्च होने थे। उनके अनुसार, शादी पर कुल खर्च तीन करोड़ रुपये से अधिक नहीं होना था। उन्होंने कहा कि यह घटना दोनों परिवारों के लिए बेहद दुखद है और यदि उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
