केतन हत्याकांड का असली मास्टरमाइंड कौन?: सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर फोड़ा ठीकरा, जांच में नया ट्विस्ट
क्या सिया ही थी पूरी साजिश की मास्टरमाइंड? क्या हत्या की पहली कोशिश पहले ही की जा चुकी थी? सिया के माता-पिता ने क्या कहा?
क्या सिया ही थी पूरी साजिश की मास्टरमाइंड? क्या हत्या की पहली कोशिश पहले ही की जा चुकी थी? सिया के माता-पिता ने क्या कहा? केतन के परिवार ने क्या मांग की? अब जांच कहां तक पहुंची है? पुलिस के अनुसार, फरवरी में सगाई के बाद सिया और केतन की इसी साल शादी होने वाली थी। पूछताछ में सिया ने दावा किया है कि वह यह शादी नहीं करना चाहती थी और उसने कई बार केतन को इसके बारे में बताया था। वहीं, सिया का आरोप है कि चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दूसरी ओर, चेतन ने पुलिस को बताया है कि सिया ने ही उस पर केतन की हत्या करने का दबाव बनाया था। इन विरोधाभासी बयानों के बीच पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है।जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अब तक जुटाए गए सबूतों से यह संकेत मिलता है कि पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार सिया गोयल हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन की मुलाकात पिछले साल दिवाली पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लगातार संपर्क में रहे। जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की योजना बनाई थी।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और केतन 31 मई को भी लोहगढ़ किले गए थे। इसी दौरान सिया ने कथित तौर पर केतन को मारने का विचार बनाया। पुलिस को यह भी शक है कि 14 जून को हत्या की पहली कोशिश की गई थी। आरोप है कि सिया ने उस दिन केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन जब प्रयास असफल रहा तो उसने सांप दिखाई देने का शोर मचाया और बाद में घटना को दुर्घटना बताने की कोशिश की।मामले में सिया गोयल के माता-पिता ने भी पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी कहा कि केतन उनके बेटे जैसा था और बेटे को खोने का दर्द सबसे बड़ा होता है। उन्होंने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।केतन अग्रवाल के चाचा विजय अग्रवाल ने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है। उन्होंने कहा कि केतन पढ़ा-लिखा और समझदार युवक था, जिसने परिवार की इच्छा पर अरेंज मैरिज के लिए सहमति दी थी। परिवार का कहना है कि अब वे देश के कानून पर भरोसा कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।सिया गोयल और चेतन चौधरी फिलहाल 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं।
पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, चैट और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सबूतों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
