Karnataka: मंगलुरु में किशोरी ने की आत्महत्या, POCSO सहित गंभीर धाराओं में युवक पर मामला दर्ज; आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि किशोरी के माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी गर्भवती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किशोरी ने
पुलिस ने बताया कि किशोरी के माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी गर्भवती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किशोरी ने कथित तौर पर अपने माता-पिता के नाम एक नोट छोड़ा है। इसमें उसने अपने द्वारा गलती किए जाने का जिक्र किया है और उस व्यक्ति का जिक्र किया है, जिस पर यौन शोषण का आरोप है।सूत्रों ने बताया कि नोट में यह भी जिक्र किया गया है कि कुछ हिंदू संगठनों से उसे अपेक्षित मदद नहीं मिल सकी।
किशोरी के माता-पिता की शिकायत के आधार पर सूरतकल पुलिस ने अनीश पुजारी नामक व्यक्ति के खिलाफ बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस के अनुसार, माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोपी को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जांच के तहत डीएनए परीक्षण के लिए भ्रूण को सुरक्षित रखा गया है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है।
मामले की आगे की जांच जारी है।
