अमरनाथ यात्रा के लिए सुपर सुरक्षा कवच, Cctv-ड्रोन और CRPF की 670 कंपनियां तैनात
जम्मू-कश्मीर में होने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है
जम्मू-कश्मीर में होने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इस वर्ष यात्रा की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर अब तक का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच तैयार किया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 670 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दे दी है. इसे अमरनाथ यात्रा के इतिहास में अर्धसैनिक बलों की सबसे बड़ी तैनाती माना जा रहा है. अर्धसैनिक बल, स्थानीय पुलिस और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ मिलकर लखनपुर प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य गुफा मंदिर, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे कॉरिडोर और बेस कैंपों की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे.
साथ ही इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजीकरण, आवास, स्वास्थ्य जांच और परिवहन व्यवस्थाओं में भी महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं. बताया जा रहा है कि अब तक 3.5 लाख से ज्यादा यात्रियों का रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. यात्रा सुरक्षा पर विशेष फोकस अमरनाथ यात्रा देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है. हर साल लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्गों से होकर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. सुरक्षा चुनौतियों और आतंकवादी खतरों को देखते हुए केंद्र सरकार इस यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरतती है. इस वर्ष गृह मंत्रालय द्वारा मंजूर की गई 670 CAPF कंपनियों की तैनाती सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा कदम है.
ये बल जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यात्रा मार्ग की सुरक्षा संभालेंगे. सूत्रों के अनुसार, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती 25 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सक्रिय हो जाएं. सुरक्षा बलों की मौजूदगी बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर सुनिश्चित की जाएगी. लखनपुर से अमरनाथ गुफा तक सुरक्षा कवच सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे यात्रा मार्ग को सुरक्षा के कई स्तरों में विभाजित किया है. CAPF कर्मियों की तैनाती जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर तक की जाएगी.सुरक्षा व्यवस्था में निम्न प्रमुख स्थान शामिल होंगे.
• बालटाल बेस कैंप • नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप • भगवती नगर यात्री निवास • जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग • पठानकोट-जम्मू राजमार्ग • रेलवे स्टेशन और ट्रांजिट कैंप • यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले संवेदनशील क्षेत्र • अमरनाथ गुफा के आसपास के इलाके इन सभी स्थानों पर बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र स्थापित किया जाएगा.
