Weather Updates: कहीं भारी बारिश-आंधी के आसार, तो कहीं झुलसाएगी लू; तीन-चार दिन में यूपी में दस्तक देगा मानसून
देश के मौसम को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए मंगलवार को मुंबई
देश के मौसम को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए मंगलवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई नए हिस्सों, तेलंगाना और ओडिशा के शेष भागों, तथा छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और इलाकों में पूरी तरह प्रवेश कर गया है। आईएमडी के वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।अगले 2-3 दिनों में मानसून गुजरात के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बचे हुए इलाकों और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दस्तक दे देगा। अगले 3-4 दिनों में मानसून बिहार और झारखंड के शेष हिस्सों को कवर करते हुए उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में प्रवेश कर जाएगा। आईएमडी के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान यूपी, हरियाणा, विदर्भ, गुजरात, झारखंड, सौराष्ट्र, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़ और कोंकण में कुछ जगहों पर 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान आया।आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, देश के मध्य और उत्तर क्षेत्र का एक बड़ा हिस्सा अब भी भट्टी की तरह तप रहा है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश अगले 4 से 5 दिनों तक भीषण लू की चपेट में रहेगा, यहां गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नहीं हैं। महाराष्ट्र का विदर्भ, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में भी अगले 2 से 3 दिनों तक लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिली रहने से ऊना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री पहुंच गया है। बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। 25 से 29 जून तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश और अंधड़ के आसार हैं। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है।आईएमडी ने इस हफ्ते देश के पश्चिमी तट से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 7 से 20 सेमी तक वर्षा हो सकती है। पश्चिमी तट में मुंबई, कोंकण और तटीय कर्नाटक में मूसलाधार बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मूसलाधार बारिश दर्ज की जा सकती है। इन क्षेत्रों में प्रशासन को अलर्ट पर रहने को कहा गया है।उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब में सोमवार को देर शाम मौसम खराब होने के बाद हल्की बर्फबारी हुई। मंगलवार को मौसम साफ होने और धूप खिलने के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे। पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से क्षेत्र का नजारा और भी मनमोहक हो गया जिसे देखकर श्रद्धालु खासे उत्साहित नजर आए। बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब में ठंड बढ़ गई थी।सोमवार रात कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों का नजारा और भी मनमोहक हो गया।
