NEET री-एग्जाम कल, एमपी में सेंटर से सीसीटीवी चोरी:देशभर में 1.38 लाख से ज्यादा कैमरों से निगरानी होगी; 2 लाख कर्मियों ने मॉक ड्रिल की
देशभर में 21 जून को NEET-UG री-एग्जाम होना है। इससे ठीक पहले मध्य प्रदेश के महू में एग्जाम सेंटर से CCTV कैमरे चोरी होने की
देशभर में 21 जून को NEET-UG री-एग्जाम होना है। इससे ठीक पहले मध्य प्रदेश के महू में एग्जाम सेंटर से CCTV कैमरे चोरी होने की खबर सामने आई। हालांकि, पुलिस ने 24 घंटे में ही चोरी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर कैमरे बरामद कर लिए। उनसे कैमरे चुराने का मकसद पूछा जा रहा है। इधर, शनिवार को देश के 551 शहरों में बने एग्जाम सेंटर्स पर मॉक ड्रिल की गई। NTA ने दावा किया कि लीक रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसमें सभी सिस्टम जैमर, CCTV, तलाशी लेने वाले कर्मचारी और बायोमेट्रिक्स की जांच की गई। ग्राउंड पर 2 लाख से ज्यादा कर्मी और 6,669 सेंटरों पर ऑब्जर्वर मौजूद रहे। परीक्षा 95 हजार से ज्यादा एग्जाम रूम में होगी। हर एक में CCTV लगाया गया है। कुल 1.38 लाख CCTV कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ी से सुरक्षा के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं। एग्जाम से पहले सेंटर बदले, नागपुर के अभ्यर्थी को अबू धाबी मिला था एग्जाम सेंटर के अलॉटमेंट में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। नागपुर के एक छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब ने अबू धाबी (UAE) स्थित एक भारतीय स्कूल में सेंटर मिलने की शिकायत की। छात्र ने 19 जून को एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तब यह गड़बड़ी देखी। छात्र के पास पासपोर्ट नहीं है। ऐसे में उसका विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं था। एडमिट कार्ड का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सफाई दी। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा शहर में बदलाव छात्र के रजिस्टर्ड लॉगिन से किया गया था। हालांकि, छात्र के अनुरोध पर बाद में सेंटर नागपुर कर दिया गया। इसी तरह भुवनेश्वर की एक छात्रा को 2300 किमी दूर देहरादून में सेंटर मिला, जिसे बाद में सुधार दिया गया। 22.79 लाख स्टूडेंट्स एग्जाम देंगे 21 जून को होने वाले एग्जाम में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इसके लिए भारत के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5000 से ज्यादा एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय वायुसेना ने NEET के पेपर देश के 18 लोकेशन पर पहुंचाने के लिए 200 उड़ानें संचालित की हैं। वायुसेना ने यह मिशन 13 जून को शुरू किया था। वायुसेना का Mi-17 विमान पेपर सुरक्षित ढंग से कोऑर्डिनेटर्स तक पहुंचाया। जहां से इन्हें कस्टोडियन बैंकों में भेजा गया। NTA के अनुसार, एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगा। PwD और PwBD कैटेगरी के स्टूडेंट्स को एक्स्ट्रा टाइम देते हुए शाम 6:20 बजे तक एग्जाम लिखने की अनुमति होगी। पहले जानिए NEET री-एग्जाम की जरूरत क्यों पड़ी दरअसल, 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा देशभर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने और कुछ अभ्यर्थियों को पहले से पेपर मिलने के आरोप सामने आए। जांच में गड़बड़ियों के संकेत मिलने पर NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों की समीक्षा के आधार पर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया। NTA का स्पष्टीकरण: एडमिट कार्ड दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने 21 जून को होने वाली NEET-UG एग्जाम का नया एडमिट कार्ड पहले ही डाउनलोड कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। एजेंसी ने कहा कि SMS, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए भेजे जा रहे संदेश मुख्य रूप से उन छात्रों के लिए हैं, जिन्होंने अभी तक अपना नया एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है। NTA के अनुसार, 3 मई को जारी एडमिट कार्ड अब मान्य नहीं होंगे, क्योंकि कई छात्रों को उनकी पसंद के शहरों में नए एग्जाम सेंटर दिए गए हैं। एजेंसी ने बताया कि 21 जून की एग्जाम के लिए जारी नया एडमिट कार्ड एक बार डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकाल लेना पर्याप्त है।