Amit Shah: '12 साल पहले अक्सर बम धमाके होते थे, तत्कालीन प्रधानमंत्री चुप रहते थे'; मुंबई में बोले गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए आतंकी हमले का जिक्र कर पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए आतंकी हमले का जिक्र कर पूर्ववर्ती सरकार को आड़े हाथों लिया। मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने कहा कि आज से 12 साल पहले देश में एक ऐसी सरकार थी, जो आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठा पाती थी। उस समय देश में जगह-जगह बम धमाके और आतंकी हमले होते थे, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पूरी तरह चुप रहते थे और कोई कड़ा फैसला नहीं लेते थे।
केंद्रीय गृह मंत्री कहा कि जब साल 2014 में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने और भाजपा की सरकार आई, तो भारत की नीति पूरी तरह बदल गई। मोदी सरकार के दौरान भी आतंकियों ने उरी, पुलवामा और पहलगाम में बड़े हमले करने की कोशिश की, लेकिन इस बार भारत चुप नहीं बैठा। भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जवाब दिया।उरी हमले के बाद सेना ने सीमा पार जाकर आतंकियों के ठिकाने तबाह किए।पुलवामा हमले के बाद वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी कैंपों पर बम गिराए।पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया और पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाया।अमित शाह ने यह भी दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आधुनिक बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले एक समय था जब भारत अपनी जरूरत की एक गोली तक खुद नहीं बना पाता था और हमें दूसरे देशों पर
निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन आज भारत खुद मिसाइलें बना रहा है और रक्षा के मामले में 'आत्मनिर्भर' बनकर दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।
