News Updates: कैलाश मानसरोवर यात्रा आज से, नाथू ला और लिपुलेख में बनाईं अस्थायी चौकियां
केंद्र सरकार ने 20 जून से शुरू हो रही कैलाश मानसरोवर यात्रा के मद्देनजर सिक्किम के नाथू ला और उत्तराखंड के लिपुलेख चेकपोस्ट को अस्थायी
केंद्र सरकार ने 20 जून से शुरू हो रही कैलाश मानसरोवर यात्रा के मद्देनजर सिक्किम के नाथू ला और उत्तराखंड के लिपुलेख चेकपोस्ट को अस्थायी रूप से अधिकृत आव्रजन चेकपोस्ट घोषित किया है। यह व्यवस्था वैध यात्रा दस्तावेज रखने वाले यात्रियों पर लागू होगी। यात्रा के पहले जत्थे के श्रद्धालु सिक्किम पहुंच चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, 44 सदस्यीय दल में दो संपर्क अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी भी हैं।
दल में 32 पुरुष और 12 महिला श्रद्धालु हैं। यह दल 20 जून को नाथू ला मार्ग से तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के ग्यांत्से के लिए रवाना होगा। यह शहर नाथू ला मार्ग से कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख ट्रांजिट केंद्र माना जाता है। यह यात्रा भारत-चीन के बीच सहमति से होती है। नौसेना के लिए भारत फोर्ज बनाएगा मरीन गैस टरबाइन जेनरेटर रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के लिए 12 मरीन गैस टरबाइन जेनरेटर की खरीद के लिए पुणे की कंपनी भारत फोर्ज लिमिटेड के साथ लगभग 425 करोड़ रुपए के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अनुबंध के तहत नौसेना के लिए 1.25 मेगावाट क्षमता वाले गैस टरबाइन जेनरेटर सेट खरीदे जाएंगे। परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इन टरबाइन जेनरेटरों में कम से कम 60% स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। समझौते पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में मुहर लगाई गई। मरीन गैस टरबाइन जेनरेटर आधुनिक नौसैनिक युद्धपोतों की रीढ़ माने जाते हैं।
इनका मुख्य काम युद्धपोतों पर बिजली पैदा करना होता है, जिससे जहाजों के उन्नत हथियार और सेंसर काम करते हैं।
