पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:युवक की बीच सड़क गर्दन काटी, मॉडल बोली- गाने में रोल के बदले रात बिताने को कहा; नवविवाहित जवान शहीद
नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर लुधियाना में डीसी और नगर निगम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी है। खालिस्तान नेशनल आर्मी
नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर लुधियाना में डीसी और नगर निगम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी है। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से पुलिस कमिश्नर समेत अन्य अधिकारियों को ईमेल मिली थी, जिसमें धमकी भरी बातें लिखी थीं। इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, कुछ मिला नहीं। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. DC-MC ऑफिस को उड़ाने की धमकी, कमिश्नर को ईमेल आया लुधियाना में डीसी ऑफिस, नगर निगम ऑफिस और रेलवे लाइन को मानव बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल आई है। मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से सीधे पुलिस कमिश्नर व सीनियर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी गई। ईमेल आने के बाद पुलिस व प्रशासन ने डीसी दफ्तर, नगर निगम दफ्तर में हर आने जाने वाले पर नजर रखनी शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की मेल पहले भी आई थी। हालांकि, तब भी कुछ नहीं निकला था। फिर भी प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जानकारी के अनुसार, प्रशासन को 17 जून, 2026 को सुबह करीब 9:34 बजे मेल मिली। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी का सदस्य बताया है। ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली बातें लिखी गई हैं। इस ईमेल के बाद लुधियाना मेयर दफ्तर, डीसी कॉम्प्लेक्स और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. निहंग बाणे में आए बदमाशों ने की 25 राउंड फायरिंग, युवक के गोली लगी जालंधर में बुधवार सुबह दो गुटों में टकराव के बाद एक युवक पर 25 राउंड फायरिंग हुई। एक गोली युवक के पेट में जा लगी। तड़के करीब 4 बजे हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहल उठा। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने आए युवक निहंग सिंह के बाणे में आए थे। गंभीर रूप से घायल युवक को पड़ोसियों ने तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना पुरानी रंजिश का नतीजा बताई जा रही है। पुलिस को पड़ोस के घर में रहने वाले एक युवक पर फायरिंग का शक है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. चंडीगढ़ में 18 जून को सरकारी छुट्टी, सभी दफ्तर-संस्थान रहेंगे बंद चंडीगढ़ प्रशासन ने कल यानी 18 जून को सरकारी छुट्टी की घोषणा की है। यह फैसला श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर लिया गया है।
प्रशासन के गृह विभाग ने बुधवार को इस संबंध में एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना के मुताबिक, पहले इस दिन चंडीगढ़ प्रशासन के कैलेंडर वर्ष 2026 में रेस्ट्रिक्टेड हॉलिडे घोषित किया गया था। अब पुराने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए इसे पूर्ण सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इस दौरान सरकारी कार्यालय, बोर्ड और कॉर्पोरेशन, सरकारी संस्थान, औद्योगिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 4. नवविवाहित जवान लेह में शहीद, पिता बोले- बहू का चूड़ा भी नहीं उतरा था रोपड़ के रहने वाले नायक सरबजीत सिंह लद्दाख के लेह में शहीद हो गए। वह अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में तैनात थे, जहां ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनका निधन हो गया। आज उसकी पर्थिव देह को पैतृक गांव बिंद लाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार हुआ। पिता ने कहा कि 25 जनवरी को ही सरबजीत की शादी हुई थी। शादी के बाद वह पहली बार छुट्टी लेकर घर आने वाला था। बहू के हाथों का चूड़ा भी अभी नहीं उतरा था। नायक सरबजीत सिंह (31) रोपड़ के नजदीकी गांव बिंद रख के रहने वाले थे। लेह के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में तैनाती के दौरान अचानक ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद 16 जून को उनका निधन हो गया। वह पंजाब आर्म्ड रेजिमेंट में तैनात थे। (पढ़ें पूरी खबर) 5. युवक की गर्दन काटकर बीच सड़क हत्या, सब्जी मंडी जा रहा था मानसा में युवक की बीच सड़क पर हत्या कर दी गई। वह तड़के करीब साढ़े 4 बजे सब्जी मंडी के लिए घर से निकला था, लेकिन घर से लगभग 15 मिनट की दूरी पर ही कुछ हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने पहले उसे स्कूटी से गिराया और फिर तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, और वारदात स्थल पर खून के साथ मांस के टुकड़े भी बिखरे पाए गए, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है और लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. उत्तराखंड में पकड़े संदिग्ध आतंकी के पिता बोले- गलत संगत में पड़ा बेटा अमृतसर के रहने वाले संदिग्ध आतंकी (19) के पिता ने दावा किया कि 23 मई को उनके घर पर हुई छापेमारी के दौरान वह घर में मौजूद था, लेकिन छत से कूदकर फरार हो गया था।