हिमाचल में बारिश के बाद खिली धूप:टूरिस्टों के लिए सुहावना हुआ मौसम, 18-19 जून को ओलावृष्टि-तूफान की चेतावनी, 20 के बाद दस्तक देगा मानसून
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में आज सुबह से ही अच्छी धूप खिली है। बारिश के बाद धूप खिलने से पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में आज सुबह से ही अच्छी धूप खिली है। बारिश के बाद धूप खिलने से पहाड़ों पर मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कुछेक भागों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। कल भी ऐसा ही मौसम रहेगा। परसों यानी 18 जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा स्ट्रांग होगा। इससे 18 और 19 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
20 और 21 जून को भी प्रदेश के कई भागों में बारिश जारी रहने की संभावना है। IMD के मुताबिक- 20 जून के बाद मानसून कभी भी दस्तक दे सकता है। राज्य में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 22 से 25 जून है। कुफरी में 31 मिमी बारिश इससे पहले बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। शिमला में 12 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सुंदरनगर में 17 मिलीमीटर, कांगड़ा में 11 मिलीमीटर और कुफरी में सबसे अधिक 31 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले छह दिन सामान्य के आसपास रहेगा तापमान बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है। बारिश के चलते किसानों और बागवानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है।
पर्यटन स्थलों पर मौसम सुहावना राज्य के पर्यटन स्थलों पर इन दिनों सुहावना मौसम बना हुआ है। शिमला का पारा 24.4 डिग्री, मनाली का 24.2 डिग्री, कुपरी 18.2 डिग्री और नारकंडा का 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे देशभर से पहाड़ों पर पहुंच रहे टूरिस्ट सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं।