Maharashtra: राज ठाकरे को 2008 हिंसा मामले में राहत; उल्हासनगर में ताबड़तोड़ फायरिंग में दो लोगों की मौत
यह मामला 2008 में कल्याण रेलवे स्टेशन पर रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा देने आए छात्रों पर कथित हमले से जुड़ा था। आरोप था कि एमएनएस कार्यकर्ताओं ने बाहरी राज्यों से आए परीक्षार्थियों के साथ मारपीट की थी। बचाव पक्ष के वकील शैलेश सदेकर ने बताया कि अदालत ने सभी
यह मामला 2008 में कल्याण रेलवे स्टेशन पर रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा देने आए छात्रों पर कथित हमले से जुड़ा था। आरोप था कि एमएनएस कार्यकर्ताओं ने बाहरी राज्यों से आए परीक्षार्थियों के साथ मारपीट की थी। बचाव पक्ष के वकील शैलेश सदेकर ने बताया कि अदालत ने सभी आरोपियों को दोषी नहीं मानते हुए बरी कर दिया। विस्तृत आदेश अभी सामने नहीं आया है।सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि चार्जशीट और गवाहों के बयान में कहीं भी यह साबित नहीं हुआ कि राज ठाकरे घटना स्थल पर मौजूद थे।
अभियोजन पक्ष कथित भड़काऊ भाषणों का कोई सबूत भी पेश नहीं कर पाया। इसके अलावा गवाह भी आरोपियों की पहचान नहीं कर सके। अदालत ने सबूतों की कमी के चलते सभी आरोपियों को राहत दे दी। एमएनएस नेताओं ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज ठाकरे को गलत तरीके से फंसाया गया था। उल्हासनगर में गुरुवार रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कैलाश कॉलोनी इलाके में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
उल्हासनगर पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार हमलावरों ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में ठाणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही हिल लाइन पुलिस स्टेशन की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पुरानी दुश्मनी के चलते इस हमले की आशंका लग रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
