जबलपुर में हरियाणा के कार सवार जिंदा जले, Video:डंपर ने मारी टक्कर, 500 मीटर तक घसीटा; निकलने का मौका नहीं मिला, कंकाल बने दोनों
मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। डंपर कार को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले
मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। डंपर कार को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे उसमें आग लग गई। स्कॉर्पियो सवार 2 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा जबलपुर से करीब 30 किमी दूर बरेला में हुआ। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया- मृतकों की पहचान भिवानी जिले के बौंद कलां निवासी परवीन शर्मा और खेड़ी बूरा गांव निवासी मोनू शर्मा के रूप में की गई है। स्कॉर्पियो से दोनों युवक रायपुर गए थे। रायपुर से हरियाणा के रोहतक लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरेला के शारदा मंदिर के पास डंपर ने स्कॉर्पियो को टक्कर मारी।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो डंपर के नीचे फंस गई। ड्राइवर वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटता रहा। इसी दौरान स्कॉर्पियो में आग लग गई। दोनों सवार बाहर नहीं निकल सके। आधा किलोमीटर तक डंपर से घिसटती रही कार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद भी डंपर चालक ने वाहन नहीं रोका। स्कॉर्पियो करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। इसी दौरान वह आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते पूरी स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई। हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… कार में फंसे रहे दोनों सवार आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
वे कार के अंदर फंस गए और जिंदा जल गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण सफल नहीं हो सके। दमकल पहुंचने तक दोनों की हो चुकी थी मौत सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और जबलपुर-मंडला रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। डंपर चालक फरार, शवों की शिनाख्त में जुटी पुलिस प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया।
पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे उसका नंबर भी स्पष्ट नहीं हो सका। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। …………………………………………….. यह खबर भी पढ़ें सागर में चलती कार में लगी आग, जलकर हुई खाक सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में सागर-छतरपुर रोड पर बोलेरो कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। कार पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर फाइटर मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पढ़ें पूरी खबर…