बंगाल: PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर CM शुभेंदु ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- डबल इंजन से विकास को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के एक माह पूरा होने के
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के एक माह पूरा होने के अवसर पर शुक्रवार को न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं तथा देश को विकास की नई दिशा दी है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर की। इसके बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री को “देश का प्रधान सेवक” बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना अधिकांश जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है और गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण तथा भारत की सांस्कृतिक विरासत को विकास के साथ जोड़ने का काम किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है।
राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे के आधुनिकीकरण, नए हवाई अड्डों, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थानों की स्थापना के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों के निर्माण ने भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने दावा किया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 14 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करीब पांच करोड़ परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए और इनमें बड़ी संख्या में मकानों का स्वामित्व महिलाओं को दिया गया। इसके अलावा 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन, जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर पेयजल और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने गरीबों और किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।शुभेंदु ने कहा कि कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और देश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसी पहलों से किसानों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क लगभग 91 हजार किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है।
प्रतिदिन बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की औसत लंबाई भी तीन गुना बढ़ी है। वहीं, रेलवे के व्यापक विद्युतीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना और वंदे भारत ट्रेनों ने परिवहन व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जबकि पिछले 12 वर्षों में 90 से अधिक नए हवाई अड्डों का निर्माण हुआ है। उड़ान योजना के माध्यम से अब सामान्य और निम्न आय वर्ग के लोग भी हवाई यात्रा कर पा रहे हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), मेक इन इंडिया और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने पारदर्शिता बढ़ाने के साथ रोजगार सृजन और विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती दी है। भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता देश बन चुका है और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की नीति ने देश की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया है।मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद राज्य को केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलने लगा है। उन्होंने दावा किया कि एक महीने के भीतर ही विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के साथ समन्वय बढ़ा है, कई समझौते हुए हैं और नई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है तथा राज्य सरकार और केंद्र मिलकर विकास को नई गति देने के लिए काम कर रहे हैं।
