फिल्म 'काला हिरण' के खिलाफ कोर्ट पहुंचे सलमान, तुरंत रोक लगाने की मांग
सलमान खान ने अपने बहुचर्चित ब्लैकबक (काला हिरण) केस पर बन रही एक अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
सलमान खान ने अपने बहुचर्चित ब्लैकबक (काला हिरण) केस पर बन रही एक अपकमिंग फिल्म 'काला हिरण' के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. एक्टर ने इस फिल्म पर तुरंत रोक लगाने की मांग करते हुए कोर्ट में याचिका दायर की है. सलमान खान का साफ कहना है कि फिल्म के मेकर्स उनके पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं.
सलमान ने फिल्म के प्रोडक्शन से लेकर उसकी रिलीज और स्ट्रीमिंग तक पर पूरी तरह से रोक लगाने की गुहार लगाई है. दरअसल सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में सीपीसी (CPC) के ऑर्डर 39 नियम 1 और 2 के तहत एक अर्जी दाखिल की है.
इस अर्जी के जरिए उन्होंने 'काला हिरण' नाम की फिल्म पर तुरंत प्रभाव से अंतरिम रोक (Interim Stay) लगाने की मांग की है. एक्टर ने कोर्ट को बताया कि यह फिल्म पूरी तरह से उनके साल 1998 के ब्लैकबक केस पर आधारित है और इसे बनाने के लिए मेकर्स ने उनकी कोई अनुमति नहीं ली है.
इस मामले में अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, अक्षय पांडे और कुछ अन्य लोगों को पक्षकार बनाया गया है.
