भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव: मेघालय से घुसपैठिये को वापस भेजने पर विवाद, पड़ोसी देश ने नागरिक को नहीं अपनाया
भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ को लेकर फिर तनाव की स्थिति बन गई है। मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के महेंद्रगंज (नंदिर चार सेक्टर)
भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ को लेकर फिर तनाव की स्थिति बन गई है। मेघालय के दक्षिण पश्चिम गारो हिल्स जिले के महेंद्रगंज (नंदिर चार सेक्टर) में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से हिरासत में लिए गए एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को वापस भेजे जाने के बाद गतिरोध पैदा हो गया है। सूत्रों के अनुसार अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुए इस व्यक्ति ने पूछताछ में खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया था।
इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे वापस भेजा गया, लेकिन बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (बीजीबी) और वहां के स्थानीय लोगों ने उसे स्वीकार करने से इन्कार कर दिया, जिससे वह बाड़ के उस पार फंसा रह गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर बीएसएफ की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।हालांकि, सीमा सुरक्षा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि संबंधित एजेंसियां स्थिति पर करीबी निगरानी रख रही हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सीमा क्षेत्र में हलचल और तनावपूर्ण माहौल का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।हाल के महीनों में घुसपैठ और संदिग्ध नागरिकों की वापसी को लेकर ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिसके कारण दोनों देशों के बीच समन्वय और प्रत्यावर्तन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
व्यक्ति को कब्जे में न लिए जाने से फिलहाल उसके कानूनी दर्जे को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
