Mumbai: मुंबई एयरपोर्ट पर फिर प्लेन के टॉयलेट में छिपा मिला करोड़ों का सोना, 18 करोड़ की तस्करी का भंडाफोड़
डीआरआई को पहले से ही इस बात का पुख्ता इनपुट मिला था कि कुछ यात्री विमान के अंदर सोना छिपाकर ला रहे हैं, जिसे बाद
डीआरआई को पहले से ही इस बात का पुख्ता इनपुट मिला था कि कुछ यात्री विमान के अंदर सोना छिपाकर ला रहे हैं, जिसे बाद में एयरपोर्ट के सफाईकर्मियों की मदद से बाहर निकाला जाना था। जैसे ही प्लेन लैंड हुआ, अधिकारियों ने तीनों संदिग्धों को एयरोब्रिज पर ही रोक लिया। शुरुआत में आरोपियों ने अपने पास कोई भी अवैध सामान होने से साफ इनकार कर दिया और उनकी तलाशी में भी कुछ नहीं मिला।
हालांकि, जब उनके केबिन बैग की गहराई से जांच की गई तो तीनों के पास से एलेन की यानी पैनल खोलने वाले विशेष औजार बरामद हुए। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने माना कि इन औजारों की मदद से उन्होंने प्लेन के टॉयलेट के पैनल खोलकर सोने की छड़ें अंदर छिपा दी थीं।मुख्य आरोपी जेमिल नूरी ने खुलासा किया कि उसे अदीस अबाबा में सोने की छह छड़ें मिली थीं, जिन्हें उसने प्लेन में सवार होने के बाद बाकी दो साथियों में बांट दिया था।
इसके बाद सभी ने टॉयलेट में जाकर पैनल खोले और सोने को वहां सुरक्षित छिपा दिया। आरोपियों की निशानदेही पर डीआरआई की टीम उन्हें वापस प्लेन में ले गई और टॉयलेट के पैनल खोलकर भूरे रंग की टेप में लिपटी हुई 24 कैरेट सोने की छह छड़ें बरामद कीं। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 12 किलो चार ग्राम है, जिसकी बाजार में कीमत 18 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यदि इस सोने को जायज तरीके से लाया जाता तो इस पर लगभग 7.92 करोड़ रुपये की कस्टम ड्यूटी बनती, जिसकी चोरी करने की कोशिश की गई थी। मुंबई की कोर्ट ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
