बंगालः आबकारी शुल्क भ्रष्टाचार मामले में ईडी की छापेमारी, कोलकाता-पुरुलिया के साथ दूसरे राज्यों में भी तलाशी
आबकारी शुल्क में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। जांच
आबकारी शुल्क में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी की कार्रवाई कोलकाता में शराब बिक्री करने वाली एक कंपनी के कार्यालय के अलावा पुरुलिया और दूसरे राज्यों में भी जारी है। ईडी के अधिकारी पुरुलिया जिले के नितुड़िया थाना क्षेत्र के पारबेलिया बाजार के पास एक होटल मालिक के घर की तलाशी ले रहे हैं।
अधिकारी सूरज विश्वकर्मा के घर पर जांच कर रहे हैं। इसके अलावा उनके स्वामित्व वाले एक रेस्तरां में भी सुबह से तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर इन ठिकानों के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।ईडी सूत्रों के अनुसार, संबंधित शराब बिक्री करने वाली कंपनी पर शराब की बिक्री में आबकारी शुल्क की कथित चोरी का आरोप है।
जांच एजेंसी ने उन रेस्तरां में भी तलाशी ली है, जहां इस कंपनी की शराब बेची जाती थी।आबकारी शुल्क में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राज्य पुलिस ने 2015-16 में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद ईडी ने 2021 में ईसीआईआर दर्ज कर मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।
शुक्रवार को शुरू हुई कार्रवाई इसी मामले की जांच का हिस्सा बताई जा रही है। ईडी की टीमें कोलकाता, पुरुलिया और दूसरे राज्यों में एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं।
