पेपर लीक प्रदर्शन- पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज:बनारस में कांग्रेसियों को उठाकर ले गई पुलिस, भोपाल में विधायकों ने काली पट्टी बांधी
नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के बाद देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को पटना पुलिस ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे
नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के बाद देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को पटना पुलिस ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया। जबकि, यूपी के बनारस में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस उठाकर ले गई। इधर, मध्य प्रदेश में विधानसभा से लेकर सड़कों तक विरोध देखने को मिला। कांग्रेस के विधायक काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। उधर, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकभवन का घेराव किया। यूपी में लखनऊ समेत कई शहरों में सपा कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस की मारपीट के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूपी के ही नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली में 40 घंटे से धरने पर बैठे हुए हैं। इनके अलावा, अहमदाबाद और जालंधर जैसे कई शहरों पर प्रदर्शन जारी हैं। इस स्टोरी में देखिए, कहां क्या हुआ? पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज; वाटर कैनल, आंसू गैस के गोले दागे छात्र राजभवन तक मार्च निकाल रहे थे।
पुलिस ने छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग करके रोक लिया और वापस लौटने को कहा। लेकिन, प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। ऐसे में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस के गोले दागे गए और लाठीचार्ज किया गया। जवाब में BJP के कार्यकर्ता भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतर आए हैं। इससे नाराज छात्र सड़क पर ही बैठ गए। 20 मिनट बाद छात्रों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी और जेपी गोलंबर से आगे निकल गए। छात्रों ने बताया कि ये मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन और वहां शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में निकाला जा रहा है। पूरी खबर पढ़िए बनारस में कांग्रेसियों को टांगकर ले गई पुलिस दिल्ली में राहुल गांधी और अखिलेश को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेसी और सपा कार्यकर्ता बनारस की सड़कों पर उतर आए हैं।
अंबेडकर मूर्ति की तरफ बढ़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस की नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस उन्हें टांगकर लेकर गई। बहराइच में सपा विधायक आनंद यादव समेत 5 सपा नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के बाहर भारी फोर्स तैनात है। उधर, दिल्ली में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद 40 घंटे से धरने पर बैठे हैं। तेज बारिश के बीच भी संसद भवन परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों के साथ 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर चर्चा नहीं कराई तो मध्यप्रदेश विधानसभ में हंगामा मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन जमकर हंगामा हुआ। विधायक जंतर-मंतर पर छात्रों से मारपीट और राहुल-अखिलेश को हिरासत में लेने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायक काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। सभी ने सदन पर चर्चा की मांग की। लेकिन, विधानसभा अध्यक्ष ने चर्चा की अनुमति नहीं दी।