PM Residence: कांग्रेस का प्रदर्शन, SPG ने बढ़ाई पीएम आवास की सुरक्षा; थ्रेट कलर पर SPG-SDG ने मजबूत किया घेरा
केंद्रीय एजेंसियों के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, आमतौर पर ऐसी घटना कम ही देखने को मिलती है कि प्रधानमंत्री आवास के निकट कोई धरना प्रदर्शन
केंद्रीय एजेंसियों के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, आमतौर पर ऐसी घटना कम ही देखने को मिलती है कि प्रधानमंत्री आवास के निकट कोई धरना प्रदर्शन हो। जब भी खुफिया एजेंसियों को ऐसे किसी प्रदर्शन की भनक लगती है तो पहले से पीएम आवास की तरफ जाने वाले मार्गों को बंद कर दिया जाता है। राहुल गांधी, पीएम आवास के सामने धरने पर बैठेंगे, यह भनक किसी को नहीं लग सकी।कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी के दूसरे सांसद पीएम आवास के सामने बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
हालांकि उनसे बातचीत करने के लिए पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे थे। वे दोनों काफी देर तक राहुल गांधी से बातचीत करते रहे। उनके जाने के बाद वहां पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता भी पहुंचने लगे। इसके चलते पीएम आवास की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय एजेंसियों और स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप 'एसपीजी' द्वारा समीक्षा की गई।सूत्रों ने बताया कि पीएम आवास के चारों तरफ सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पीएम आवास के सामने लोगों की भीड़ और वाहनों की भारी संख्या के चलते थ्रेट कलर में बदलाव किया गया। पीएम की सुरक्षा के लिए तैनात एसपीजी की क्लोज टीम और बाहरी घेरे में इजाफा किया गया।पीएम आवास पर सीआरपीएफ के स्पेशल ड्यूटी ग्रुप (एसडीजी) यूनिट के अतिरिक्त कमांडो को अलर्ट पर रखा गया। इनकी संख्या को बढ़ाया गया। प्रधानमंत्री के सरकारी आवास, ऑफिस और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान आउटर घेरे की सुरक्षा करने का काम एसडीजी को सौंपा गया है।
यह ड्यूटी एसपीजी की निगरानी में होती है। पीएम आवास के बाहर केंद्रीय अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला।
