Trainee IPS: यौन उत्पीड़न के आरोपी प्रशिक्षु आईपीएस ने आत्महत्या की कोशिश की? अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न और पीछा करने के मामले में
हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न और पीछा करने के मामले में आरोपी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को सोमवार को कथित आत्महत्या की कोशिश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शहर में उसके भाई के फ्लैट पर हुई। फिलहाल अधिकारी की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने कोई हानिकारक पदार्थ लिया था या नहीं। महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने क्या आरोप लगाए? पुलिस और अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु अधिकारी को सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसके भाई और दोस्तों ने बेहोशी की हालत में एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका गैस्ट्रिक लैवेज किया, लेकिन शुरुआती जांच में कोई असामान्य चीज नहीं मिली।
उसके रक्त और मूत्र के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल अधिकारी की हालत स्थिर है, लेकिन वह पूरी तरह होश में आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उसने कोई जहरीला या हानिकारक पदार्थ लिया था या नहीं। 30 वर्षीय महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी अधिकारी 23 जून से उसे इंस्टेंट मैसेजिंग एप के जरिए अश्लील और यौन उत्पीड़न वाले संदेश भेज रहा था। उसने अकादमी में भी उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला पर दूसरे प्रशिक्षु के साथ संबंध होने का झूठा आरोप लगाया, उसे इसे स्वीकार करने का दबाव बनाया और गाली-गलौज की। पुलिस ने क्या कार्रवाई की? महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 9 जुलाई को आरोपी उसे जबरन अपने कमरे में ले गया, बाल पकड़कर खींचा, गला दबाने की कोशिश की, चाकू गर्दन पर रखा और बाहर जाने से रोका।
अगले दिन भी उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने बिना अनुमति उसका निजी वीडियो रिकॉर्ड कर उसके पति को भेजकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की। महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर अट्टापुर पुलिस ने 18 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से हमला, यौन उत्पीड़न, पीछा करना, अपमानजनक हरकतें और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रशिक्षु अधिकारी को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। मामला दर्ज होने के बाद उसने अकादमी छोड़ दी थी। इस बीच पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल कथित सुसाइड नोट उनके कब्जे में नहीं है और उसकी पुष्टि नहीं हुई है।
आरोपी अधिकारी और अकादमी का क्या कहना? आरोपी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में महिला की शिकायत और अपने खिलाफ चल रही चर्चाओं को बेबुनियाद और झूठा बताया है। उसने कहा कि उसे न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और उसे विश्वास है कि सच सामने आएगा। वहीं, मामला दर्ज होने के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी ने भी प्रशिक्षु अधिकारी के खिलाफ आंतरिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस और अकादमी दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कथित आत्महत्या की कोशिश की परिस्थितियां भी स्पष्ट हो सकेंगी।
