Lucknow, India

Odisha Crime: ओडिशा में युवक और उसकी महिला मित्र को लाठियों से पीटा, नवीन पटनायक ने भाजपा सरकार पर उठाए सवाल

Published 19 May 2026 · india

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना सोमवार रात की है। पीड़ित युवक अपनी महिला मित्र के साथ एक मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। इसी दौरान बीजीपुर इलाके में बदमाशों के एक समूह ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने युवक को सड़क पर घसीटा और लाठियों से

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना सोमवार रात की है। पीड़ित युवक अपनी महिला मित्र के साथ एक मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। इसी दौरान बीजीपुर इलाके में बदमाशों के एक समूह ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने युवक को सड़क पर घसीटा और लाठियों से बुरी तरह मारना शुरू कर दिया। जब उस युवक की महिला मित्र ने उसे बचाने की कोशिश की, तो गुंडों ने उसे भी नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। इस मारपीट में महिला को भी काफी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेरहामपुर के एसपी सरवण विवेक एम ने बताया कि दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।इस मामले के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है।

एसपी ने बताया कि बेरहामपुर टाउन पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह कोई आम लूटपाट की घटना नहीं है, बल्कि दोनों गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। अधिकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित दोनों ही पहले जेल जा चुके हैं और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पीड़ित की पहचान उमेश रथ के रूप में हुई है। पीड़ित की मां का कहना है कि उनके बेटे को पहले भी कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी और सड़क पर पीटते समय उनकी महिला मित्र के साथ बदसलूकी भी की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस घटना ने राजनीतिक रूप भी ले लिया।

बीजद के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। पटनायक ने आरोप लगाया है कि जब से राज्य में भाजपा सत्ता में आई है, तब से ओडिशा में अराजकता का भयानक नजारा देखने को मिल रहा है। उन्होंने इसे अमानवीय घटना करार देते हुए कहा कि राज्य में पूरी तरह से 'गुंडाराज' कायम हो गया है। उनका कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं है। पटनायक ने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और जनता की सुरक्षा संभालने के सरकार के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।नवीन पटनायक के इन गंभीर आरोपों के बाद भाजपा नेताओं ने भी पलटवार किया है।

भाजपा सांसद प्रदीप पुरोहित और भाजपा विधायक सरोज पाढ़ी ने इस बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए पिछली बीजद सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया है। अस्का से विधायक पाढ़ी ने कहा कि वे पिछली सरकार के पापों की कीमत चुका रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजद ने ही अपराधियों को पाला-पोसा था और गंजम जिले की शांति भंग की थी, इसलिए अब हालात को नियंत्रण में लाने में थोड़ा समय लगेगा। वहीं, दूसरी तरफ ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भी चिंता जाहिर की है।

Read full story on TheBriefWire

Loading…