हिमाचल के 4 जिलों में चली हीटवेव, कल भी अलर्ट शिमला के रिज पर सुहावने मौसम का आनंद उठाते हुए टूरिस्ट और लोकल। हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज (मंगलवार को) हीटवेव महसूस की गई। कांगड़ा, कुल्लू, सोलन जिला के निचले इलाकों समेत किन्नौर में भी दोपहर के वक्त हीटवेव के कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। किन्नौर में पहली बार हीटवेव महसूस की गई है।. इस बीच ऊना का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री के उछाल के साथ 43.4 डिग्री और हमीरपुर के नेरी का 41.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। राज्य के अन्य शहरों के तापमान में भी उछाल आया है। सुंदरनगर का 38.6 डिग्री, बरठी 38, कांगड़ा 38.4, मंडी 35.2, भुंतर 35.5, नाहन 36.7 डिग्री और धर्मशाला 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौमस विभाग (IMD) ने 20 और 21 मई के लिए भी कांगड़ा और सोलन जिला के कुछेक भागों में हीटवेव का अलर्ट दिया गया है। राज्य में तीन दिन की तेज धूप के बाद गर्मी का प्रकोप बढ़ा है। बीते 24 घंटे के दौरान 11 शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक हो गया है। इससे दिन के वक्त मैदानी इलाकों में घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मंडी में गर्मी से बचने को छाता लेकर चलते हुए लोग। घरों से बाहर निकलना हुआ मुश्किल हीटवेव और तापमान में बढ़ोतरी के बाद दिन के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। हालांकि, ऊंचे व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है। अगले 72 घंटे तापमान में उछाल आएगा मौसम विभाग के अनुसार- अगले 72 घंटे के दौरान मैदानी इलाकों के तापमान में हल्का उछाल आ सकता है, जिससे गर्मी और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, आज रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के आसार है, लेकिन इसका असर मुख्य रूप से अधिक ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। अगले 4 दिन ऊंचे पहाड़ों पर बूंदाबांदी मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं 22 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 23 और 24 मई को भी ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।